पंजाब पुलिस के रोपड़ रेंज के DIG हरचरण सिंह भुल्लर को CBI ने 8 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि भुल्लर ने बिचौलिए कृष्णू के जरिए मंडी गोबिंदगढ़ के एक स्क्रैप कारोबारी से 8 लाख की रिश्वत मांगी थी, ताकि उसके खिलाफ दर्ज FIR पर कोई कार्रवाई न हो।
CBI ने सेक्टर-21, चंडीगढ़ से DIG को ट्रैप कर पकड़ा और इसके बाद अंबाला, मोहाली, चंडीगढ़ और रोपड़ में 7 ठिकानों पर एक साथ रेड की। छापेमारी में सीबीआई को 5 करोड़ रुपये नकद, 1.5 किलो सोना व अन्य गहने, कई संपत्तियों के दस्तावेज, मर्सिडीज और ऑडी जैसी लग्जरी कारों की चाबियां, 40 लीटर विदेशी शराब, महंगी घड़ियां और अन्य सामान मिला है।
वहीं, बिचौलिए कृष्णू के घर से सीबीआई को 21 लाख रुपये नकद भी मिले। DIG भुल्लर 2007 बैच के IPS अधिकारी हैं और उनके पिता महल सिंह भुल्लर पंजाब के पूर्व DGP रह चुके हैं। CBI दोनों आरोपियों को शुक्रवार को विशेष अदालत में पेश करेगी और रिमांड की मांग करेगी।





