पंजाब राज्य बाल अधिकार सुरक्षा आयोग ने जालंधर देहात के डीएसपी फिल्लौर सरवन सिंह बल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करने निर्देश दिए हैं।
यह कार्रवाई पूर्व एसएचओ भूषण कुमार पर नाबालिग बच्ची से अश्लील हरकतें करने और एक महिला से वीडियो कॉल पर अभद्र बातचीत के मामले में कार्रवाई में ढिलाई बरतने के आरोपों के चलते की गई है। आयोग ने आदेश दिया है कि इंस्पेक्टर भूषण कुमार पर भी पॉक्सो एक्ट की धारा 21 के तहत एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए।
वहीं, डीएसपी सरवन सिंह बल ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इंकार किया है। उनका कहना है कि उन्होंने ही भूषण कुमार को सस्पेंड कर केस दर्ज कराया था और जांच पूरी तरह कानून के दायरे में की गई है। उन्होंने बताया कि बाल आयोग को जांच रिपोर्ट जल्द सौंप दी जाएगी।





