पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज (15 जनवरी) को अमृतसर स्थित श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में करीब 40 मिनट तक पेश हुए। पेशी के दौरान वह जत्थेदार के सामने जमीन पर हाथ जोड़कर बैठे रहे और तमाम आरोपों पर अपना पक्ष रखा।
पेशी के बाद CM मान ने कहा कि सोशल मीडिया पर यह झूठा नरेटिव फैलाया जा रहा है कि वह अकाल तख्त को चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी न ऐसी कोई मंशा है और न ही औकात। उन्होंने कहा कि उन्हें संतोष है कि उन्होंने संगत की भावनाओं को लिखित रूप में जत्थेदार के सामने रखा।
CM मान ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही आपत्तिजनक वीडियो फर्जी है और इसकी कहीं भी जांच करवाई जा सकती है। अब आगे के निर्देश या फैसला अकाल तख्त द्वारा बताया जाएगा।
सीएम तय समय 12 बजे से पहले ही 11:30 बजे अकाल तख्त सचिवालय पहुंचे थे। वह नंगे पांव स्वर्ण मंदिर पहुंचे, मत्था टेका और दो बैगों में सबूत लेकर सचिवालय में दाखिल हुए। जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी बुला ली है।





