जालंधर शहर के एक मशहूर डॉक्टर को गैंगस्टर द्वारा जान से मारने की धमकी देकर 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद डॉक्टर और उनका परिवार गहरे खौफ में है। सुरक्षा के मद्देनज़र डॉक्टर ने अपने मॉडल टाउन स्थित घर की किलेबंदी करते हुए इलेक्ट्रिक फेंसिंग लगवाई है और घर से बाहर निकलना बंद कर दिया है।
डॉक्टर ने मामले की जानकारी पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर को दी, जिसके बाद पुलिस ने घर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है और जांच शुरू कर दी है। पीड़ित डॉक्टर का अस्पताल गुरु नानक मिशन चौक के पास स्थित है। घटना के बाद शहर के डॉक्टरों और चिकित्सा जगत में दहशत का माहौल है। फिलहाल एफआईआर दर्ज होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।





