लुधियाना के जीटीबी नगर मुंडियां इलाके में शनिवार दोपहर दिनदहाड़े एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला उस समय घर में अपनी बेटी के साथ मौजूद थी, तभी एक युवक घर में दाखिल हुआ और दोनों पर फायरिंग कर दी। बेटी किसी तरह बच गई, जबकि महिला के सिर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
पड़ोसियों ने महिला को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना जमालपुर थाना पुलिस को दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान पूनम पांडे के रूप में हुई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक पहले घर के अंदर जाता, फिर बाहर आकर पिस्टल लोड कर दोबारा दरवाजे पर फायरिंग करता दिखाई दे रहा है।





