जालंधर के बॉडीबिल्डर वरिंदर घुम्मन की मौत मामले में अमृतसर पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए फोर्टिस एस्कॉर्ट अस्पताल के 4 डॉक्टरों के खिलाफ FIR दर्ज की है। बीएनएस की धारा 106(1) के तहत दर्ज इस केस में ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. तपिश शुक्ला, एनेस्थीसिया कंसल्टेंट डॉ. अलका तिवारी, एनेस्थीसिया विभाग की हेड डॉ. राजेंद्र कौर और कार्डियोलॉजी कंसल्टेंट डॉ. अरुण कुमार चोपड़ा के नाम शामिल हैं।
9 अक्टूबर 2025 को अमृतसर में सर्जरी के दौरान वरिंदर घुम्मन की मौत हो गई थी। परिवार ने अस्पताल पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए थे। परिजनों का दावा है कि ऑपरेशन के बाद शव की हालत संदिग्ध थी, सिर से कंधे तक शरीर का रंग काला-नीला पड़ गया था, जिससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए।





