बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) ने भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। मेहंदीपुर गांव के पास तलाशी अभियान के दौरान BSF जवानों को एक संदिग्ध पैकेट मिला, जिसमें से 2 AK-47 राइफलें, 2 मैगजीन, एक पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
BSF अधिकारियों के अनुसार, यह हथियार पाकिस्तान से भेजे गए थे और दिवाली के त्योहारी सीजन में पंजाब में आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश रची गई थी। बरामद किए गए हथियारों को अमृतसर के स्टेट ऑपरेशन सेल को आगे की जांच के लिए सौंप दिया गया है।
BSF ने बताया कि टेक्निकल और फिजिकल मॉनिटरिंग के जरिए यह इनपुट मिला था कि सीमा पार से हथियारों की खेप भारत भेजी जा रही है। इसके बाद सतर्कता बरतते हुए BSF की टीम ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया और हथियारों से भरा पैकेट बरामद किया।
सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन हथियारों को पंजाब में किसे पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन सा आतंकी मॉड्यूल सक्रिय था।





