जालंधर रेलवे स्टेशन पर कमिश्नरेट पुलिस ने CASO अभियान चलाकर व्यापक तलाशी ली। इस दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों के सामान, प्लेटफार्मों पर रखे लावारिस बैगों और आसपास पड़ी संदिग्ध वस्तुओं की गहन जांच की गई। डॉग स्क्वॉयड की टीमें भी अभियान में शामिल रहीं।
मौके पर एडीसीपी आकर्षि जैन सहित एसीपी रैंक के अधिकारी मौजूद रहे। एडीसीपी जैन ने अलग-अलग टीमें तैनात कर सघन जांच के निर्देश दिए और बताया कि यह कार्रवाई सुरक्षा के मद्देनज़र ‘कॉसो’ ऑपरेशन के तहत की गई है।
पुलिस ने स्टेशन पार्किंग में खड़े वाहनों की भी जांच की। ठेकेदार से लंबे समय से खड़े वाहनों के बारे में पूछताछ कर आवश्यक हिदायतें जारी की गईं। इसके अलावा ऑटो चालकों की भी जांच की गई।
एडीसीपी जैन ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो तुरंत संबंधित थाने को सूचना दें। फिलहाल इस अभियान के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने कहा कि ‘CASO’ ऑपरेशन आगे भी जारी रहेगा।





