pb8 live news :डिजिटल युग में बढ़ती साइबर ठगी को रोकने के लिए पंजाब पुलिस ने एक बड़ी पहल की है। डीजीपी साइबर क्राइम की ओर से राज्य के बड़े शहरों में ‘साइबर सेफ्टी कियोस्क’ मशीनों को इंस्टॉल करवाया गया है। इस अत्याधुनिक मशीन की मदद से लोग अपने मोबाइल, पेन ड्राइव और अन्य डिवाइस की स्कैनिंग कर सकते हैं और जान सकते हैं कि उनके डिवाइस में कोई खतरनाक वायरस, मालवेयर या फ्रॉड एप तो नहीं है।लुधियाना में यह कियोस्क मशीन पुलिस कमिश्नर दफ्तर के सामने स्थित सिंगल विंडो हॉल में लगाई गई है। इसका उद्घाटन पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने किया। इस मौके पर पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा भी विशेष रूप से मौजूद थे। कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि आम लोगों को साइबर ठगों से बचाने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है। ‘साइबर सेफ्टी कियोस्क’ जैसी पहलें लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें डिजिटल सुरक्षा देने की दिशा में एक मजबूत प्रयास हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में पंजाब के अन्य जिलों में भी इन मशीनों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
यह हाईटेक मशीन राष्ट्रीय विधि विज्ञान विश्वविद्यालय (NFSU) द्वारा विकसित की गई है। इसका उद्देश्य मोबाइल फोन, पेन ड्राइव और अन्य डिजिटल डिवाइस में छिपे मालवेयर, वायरस, बैकडोर और भारत सरकार द्वारा बैन किए गए एप्स की पहचान करना है। मशीन यह भी बताएगी कि कौन-सी फाइल या एप्लिकेशन संक्रमित है और वह डिवाइस में कहां मौजूद है।





