पंजाब के लुधियाना में बीती रात जनकपुरी इलाके में नशेड़ियों ने एक घर के बाहर खड़े वाहनों को आग के हवाले कर दिया। आग ने कुछ ही देर में घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। उस समय परिवार के 14 सदस्य अंदर सो रहे थे। पड़ोसियों ने फोन कर आग की सूचना दी, जिसके बाद सभी ने भागकर जान बचाई।
आग की वजह से घर का बाहरी हिस्सा पूरी तरह जल गया, जबकि दम घुटने से 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला की तबीयत गंभीर हो गई। सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों की हरकत साफ दिखाई दे रही है। घर के मालिक अमरपाल सिंह के मुताबिक रात करीब 2:30 बजे आग लगाई गई और बाहर खड़ी चार बाइक जलकर राख हो गईं।
परिवार की सदस्य गुरप्रीत कौर ने बताया कि “अगर दो मिनट और नींद न खुलती तो पूरा परिवार जलकर मर जाता।” थाना डिवीजन नंबर 3 के एसएचओ जगदीप सिंह ने बताया कि कुछ लड़कों को राउंडअप किया गया है और जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि इलाके में नशा बिकने नहीं दिया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।





