चंडीगढ़ के बाद अब मोहाली के स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई। सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन सतर्क हो गया और एहतियातन फेज-10 स्थित मानव मंगल स्मार्ट स्कूल, पैरागॉन स्कूल और डीएवी स्कूल में छुट्टी कर दी गई।
सुबह स्कूल खुलते ही कई संस्थानों को धमकी भरे मेल मिले। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों की जांच शुरू कर दी गई। सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा कर दिया गया है।
कई बच्चे जो सुबह स्कूल पहुंचे थे, उन्हें गेट से ही वापस भेज दिया गया। अभिभावकों को भी मैसेज के जरिए स्थिति की जानकारी दी गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





