Pb8Live News: लुधियाना के चीमा चौक के पास इंदिरा कॉलोनी में गुरुवार दोपहर एक घर में रखे बारूद (पोटाश) में विस्फोट हो गया। हादसे में करीब 10 लोग झुलस गए, जिनमें 4-5 बच्चे भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, बच्चे घर के बाहर पटाखे फोड़ रहे थे, जिसकी चिंगारी मकान मालिक उस्मान खान के घर के अंदर पहुंच गई। उस्मान दशहरे पर रावण के पुतले बनाता है और इसी के लिए घर में बारूद रखा था।
ब्लास्ट से घर में आग लग गई और घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, जबकि झुलसे लोगों को पड़ोसियों ने अस्पताल पहुंचाया। हादसे के समय घर में उस्मान के तीन बच्चे मौजूद थे, जो धमाके के बाद किसी तरह बाहर निकल आए। पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग भी हादसे में घायल हुए हैं।





