पंजाब के मोहाली में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.88 करोड़ रुपए की नकली करंसी बरामद की है। पुलिस ने घग्गर पुल के पास पुराने अंबाला-कालका हाईवे पर लगाए नाके के दौरान एक स्कॉर्पियो-एन (HR-41-M-6974) से 11.05 लाख की असली करंसी और भारी मात्रा में फेक नोट बरामद किए।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी दो युवक — सचिन और गुरदीप सिंह — को मौके से गिरफ्तार किया गया। SSP हरमनदीप सिंह हंस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ पहले भी 7 करोड़ की ठगी का मामला दर्ज है।
पुलिस को आरोपियों की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी, जिसके बाद एसपी (देहात) मनप्रीत सिंह और डीएसपी बिक्रमजीत सिंह बराड़ की निगरानी में एक विशेष टीम बनाकर कार्रवाई की गई। फेक करंसी की सप्लाई कहां से हुई, इसकी जांच जारी है।





