सबसे ज्यादा असर गुरदासपुर जिले पर पड़ा है, जहां 324 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। वहीं, अमृतसर के 135, बरनाला के 134 और होशियारपुर के 119 गांवों में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
प्रदेश के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने नंगल इलाके को लेकर चेतावनी जारी की है। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश से खड्डों और सतलुज किनारे बसे गांवों के बांध कमजोर हो गए हैं। ऐसे में उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
इसी बीच, हरिके पत्तन हेड वर्क्स से 3 लाख 5 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन ने तरनतारन जिले को हाई फ्लड एरिया घोषित कर दिया है। इस पानी का असर फाजिल्का और फिरोजपुर के कई गांवों में देखने को मिलेगा मुख्यमंत्री भगवंत मान आज संगरूर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे और राहत कार्यों का जायजा लेंगे।