PB8LIVE NEWS: लुधियाना के पखोवाल रोड स्थित बाथ कैसल पैलेस में देर रात शादी समारोह के दौरान दो बदनाम गैंग — अंकुर और शुभम मोटा गैंग — आमने-सामने भिड़ गए। कहासुनी के बाद दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी में दूल्हे की मौसी और उसके दोस्त की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है जिसे डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना के दौरान करीब 700-800 लोग मौजूद थे और दुल्हन की एंट्री से ठीक पहले अफरा-तफरी मच गई। सूत्रों के अनुसार पुराने विवाद को लेकर गैंगों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते-देखते 30 से अधिक राउंड फायरिंग में बदल गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, लेकिन हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना के वक्त हल्का नॉर्थ के विधायक मदन लाल बग्गा भी समारोह में मौजूद थे।
पुलिस अब घायल और गवाहों से पूछताछ करके गैंगवार की वजह की जांच कर रही है।





