pb8 live news :लुधियाना के कुख्यात गैंगस्टरों में शामिल गगनदीप सिंह उर्फ गैरी ललतों उर्फ रावण पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। गैरी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में सिटी थाना-2 के SHO तरविंदर बेदी ने फायर कर उसकी टांग में गोली मारी। घटना के बाद गैरी को पकड़कर सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस दौरान SHO तरविंदर बेदी भी घायल हो गए और वे भी अस्पताल में उपचाराधीन हैं।उक्त कार्रवाई CIA स्टाफ और सिटी थाना-2 की टीम ने मिलकर की। पुलिस ने बताया कि गैरी उन आरोपियों में से एक था जो 15 जून को ग्रीनलैंड होटल के पास हुई गैंगवार की घटना में शामिल था। यह गैंगवार गैरी ललतों और सुखवीर भूची गैंग के बीच एक लड़की से दोस्ती को लेकर हुई थी। इस मामले में गैरी ललतों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस जांच के दौरान गैरी ने कबूला कि उसने भट्ठियां इलाके की रेलवे लाइन के पास एक पिस्तौल छिपा रखी थी। इसके बाद पुलिस उसे हथियार बरामद करने के लिए वहां लेकर गई। लेकिन जब वे वहां पहुंचे तो गैरी ने अचानक पेड़ों के बीच से पिस्तौल निकालकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। उसकी गोली एक पेड़ में जा लगी। जवाबी कार्रवाई में SHO तरविंदर बेदी ने गैरी की टांग में गोली मारी और उसे काबू कर लिया गया।





