जालंधर देहात के शाहकोट के गांव सोहल जागीर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंग्रेज सिंह और करणवीर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से .30 बोर पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस, एक खाली खोल और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 11 जनवरी 2026 को सोहल जागीर निवासी सुखचैन सिंह के घर हुई गोलीबारी के मामले में यह कार्रवाई की गई। नाकाबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान करणवीर के पेट में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच में सामने आया है कि यह वारदात विदेश में बैठे साजिशकर्ताओं के इशारे पर कराई गई थी। मुख्य आरोपी बलवंत सिंह उर्फ बंत अमेरिका में रह रहा है, जबकि एक अन्य साजिशकर्ता फिलीपींस में है। पुलिस ने विदेश से संचालित नेटवर्क पर भी केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।





