कनाडा के विंडसर (ओंटारियो) में पंजाबी इन्फ्लुएंसर, सिंगर और नर्स नैन्सी ग्रेवाल की हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी गैंगस्टर आकाश हरिके और सुखा संधू ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली है। पोस्ट में दावा किया गया कि नैन्सी धर्म और खालिस्तान के खिलाफ बोलती थी, इसलिए उसे मारा गया। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
नैन्सी ग्रेवाल 2018 में कनाडा जाने के बाद से अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहती थीं। वह कनाडा के गुरुद्वारों में खालिस्तान समर्थकों के प्रभाव को लेकर लगातार वीडियो और पोस्ट करती थीं, जिसके कारण कट्टरपंथियों के निशाने पर आ गई थीं। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी उन पर दो बार हमले हो चुके थे, जिनमें वह बच गई थीं।
नैन्सी की मां के मुताबिक खालिस्तान समर्थक चाहते थे कि वह उनसे माफी मांगे और उनके साथ काम करे, लेकिन नैन्सी ने ऐसा करने से इनकार कर दिया था। हाल ही में नैन्सी ने डेरा ब्यास प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों, बिक्रम मजीठिया और अन्य धार्मिक-राजनीतिक हस्तियों पर भी विवादित टिप्पणियां की थीं, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया था।





