PB8Live News: कपूरथला जालंधर रोड पर मंड गांव के पास मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन सब्जी व्यापारियों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार बस उल्टी दिशा से आ रही थी और अचानक छोटे हाथी वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
मृतकों की पहचान ईश्वर लाल, मुकेश और ड्राइवर राकेश के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और कपूरथला में सब्जी विक्रय का काम करते थे। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक की लहर है।





