Pb8 live news : आम आदमी पार्टी ने आज नगर निगम चुनाव को देखते हुए विजन डाक्यूमैंट जारी किया है जिसके तहत जालंधर में 100 इलैक्ट्रिक बसें चलाने की गारंटी दी गई है। ‘आप’ पंजाब के प्रधान अमन अरोड़ा, पंजाब के बिजली मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. तथा कार्यकारी अध्यक्ष शैरी कलसी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जालंधर के लिए आम आदमी पार्टी 5 गारंटियां घोषित कर रही है ताकि जालंधर के लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं दी जा सकें।
दूसरी गारंटी के रूप में जालंधर के लोगों को 24 घंटे स्वच्छ पीने वाला पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। पश्चिमी तथा उत्तरी विधानसभा क्षेत्रों में यह समस्या ज्यादा गंभीर है। उन्होंने कहा कि अंदरूनी रिटेल बाजारों में वाहनों की पार्किंग की समस्या काफी गंभीर है जिसे देखते हुए आम आदमी पार्टी जालंधर के लोगों को तीसरी गारंटी के रूप में शहर में बड़े पार्किंग स्थल बनाने का वायदा करती है। इसी के साथ ही शहर में 100 सी.सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाए जाएंगे ताकि अपराधियों पर नुकेल कसी जा सके।
चौथी गारंटी के रूप में आम आदमी पार्टी ने जालंधर में सभी 28 डंपों को हटाने का वायदा लोगों से किया है। अमन अरोड़ा ने कहा कि पिछले दिनों माडल टाऊन से डंप हटाया गया। ऐसे ही अन्य चिन्हित डंपों को हटा कर इन स्थानों को विकसित किया जाएगा।पांचवीं गारंटी के रूप में स्पोर्ट्स हब तैयार करने का वायदा किया गया है और बल्टर्न पार्क की पुरानी शान को बहाल करने की बात कही गई है। पी.ए.पी. फ्लाई ओवर को और विकसित किया जाएगा ताकि ट्रैफिक की समस्या का समाधान किया जा सके।





