जालंधर: नशे के खिलाफ अपने अभियान को जारी रखते हुए, कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने आज शहर भर में CASO (घेराबंदी और तलाशी अभियान) चलाया। पुलिस कमिश्नर श्रीमती धनप्रीत कौर की अगुवाई में 11 संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष नाकेबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया। जिनमे ड्रग हॉटस्पॉट एरिया धनकिया मोहल्ला, गढ़ा, अबादपुरा, गाँव बम्बियाँवाल, अली मोहल्ला, बस्ती गुजां और संगत सिंह नगर और मोहल्ला तेज मोहन नगर, भारगो कैंप शामिल थे। 
इस दौरान पुलिस ने 15 एनडीपीएस मामलों में कार्रवाई की, 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में नशा व हथियार बरामद किए। ज़ब्ती में 1.2 किलो गांजा, 608.5 ग्राम हेरोइन, 27 नशीली गोलियां, 6000 मिलीलीटर अवैध शराब, 1 अवैध 9 एमएम पिस्तौल, 2 राउंड, 1 मोटरसाइकिल और 1 एक्टिवा शामिल हैं।
सीपी धनप्रीत कौर ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।





