मशहूर सूफी गायिका ज्योति नूरां अपने पहले पति को लेकर एक बार फिर विवादों में है। इस बार ज्योति और कुणाल ने एक दूसरे पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ थाना रामामंडी की पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है।
ज्योति नूरां ने कहा कि पहले पति कुणाल पासी ने उसे फोन कर उसकी अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर विधिपुर फ्लाईओवर के पास बुलाया। ज्योति ने आरोप लगाया कि उक्त जगह पर दो गाड़ियों में कुणाल और उसके दोस्त बैठे थे। जिन्होंने उसके साथ अश्लील हरकतें भी की। जिसके बाद ज्योति ने अपनी जान के खतरे को देखते हुए अपने पति अविनाश कुमार को फ़ोन कर मौके पर बुलाया। जिसके बाद कुणाल वहां से फरार हो गया।
वहीं कुणाल पासी द्वारा थाना रामामंडी में दी गई शिकायत में कहा गया है कि ज्योति ने उसे विधिपुर रेलवे क्रासिंग के पास बुलाया था। उसके साथ उसका पति और अन्य साथी मौजूद थे। सभी ने उसके साथ मारपीट करने की कोशिश की और खुद को पुलिस वाला बताया। कुणाल ने आरोप लगाया है कि उस पर पिस्तौल तानी और आरोपियों ने तेजधार हथियार भी निकाल लिया था। जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत ले ली है। जांच के आधार पर पुलिस जल्द मामले में अगली कार्रवाई करेगी।





