लुधियाना के जोधां गांव में पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार धमाके से छत ढह गई। हादसे में 19 वर्षीय मोहम्मद कैफ (यूपी) की मौत हो गई, जबकि 16 साल की अलीशा समेत तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग सहम गए। शुरुआती जांच में पोटाश में चिंगारी लगने से विस्फोट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और सेना की टीम मौके पर जांच में जुटी है।
घटनास्थल से पोटाश और पटाखा बनाने का सामान मिलने के बाद पुलिस अवैध निर्माण के एंगल से जांच कर रही है।बताया ये भी जा रहा है कि आंधी के दौरान बिजली गिरने से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद सिलेंडर फटने से धमाका हुआ। डीएसपी दाखा वरिंदर सिंह खोसा के मुताबिक विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि दो इमारतों के लेंटर भी क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और सेना की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।





