मोहाली में कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान मारे गए कबड्डी प्लेयर व प्रमोटर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया के पोस्टमॉर्टम में खुलासा हुआ है कि हमलावरों ने उनके पीछे से बेहद नजदीक से सिर में गोली मारी थी, जो मुंह के रास्ते बाहर निकली। इसी वजह से अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
मोहाली के SSP हरमनदीप सिंह हंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अमृतसर के आदित्य और करण ने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने सेल्फी के बहाने राणा को रोका और फिर गोली मार दी। SSP के अनुसार, हत्या के पीछे बंबीहा गैंग के शूटरों का हाथ है और इसका पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या से कोई सीधा संबंध नहीं है।
यह घटना सोमवार देर शाम सोहाना में हुई थी। घायल अवस्था में राणा को फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद आज ही अंतिम संस्कार किए जाने की संभावना है। राणा की हाल ही में 6 दिसंबर को देहरादून की युवती से शादी हुई थी। इस मामले में एक अन्य युवक जगप्रीत सिंह भी घायल हुआ है, जो राणा की मदद के लिए आगे बढ़ा था।





