अमृतसर के चबाल रोड इलाके में नगर निगम के ड्राइवर और ऑटो वर्कशॉप यूनियन के प्रधान आशु नाहर ने देर रात अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार अपनी ली। सुसाइड से पहले उन्होंने एक वीडियो बनाकर बच्चों से माफी मांगी और पत्नी व ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए।
मृतक अश्विनी कुमार उर्फ आशु नाहर दो बेटियों (10 और 7 वर्ष) के पिता थे। वीडियो में आशु ने कहा कि ससुराल वाले उन्हें पीटते हैं और हमेशा अपनी बेटी का साथ देते हैं। उन्होंने रोते हुए कहा, “बच्चों, अपने पापा नूं माफ कर देना,” और आत्महत्या का जिक्र किया।
सूत्रों के अनुसार, 2016 में उनकी शादी प्रिया से हुई थी। पिछले करीब छह माह से घरेलू विवाद चल रहा था। बीती रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद पत्नी मायके चली गई और रात करीब 3:30 बजे आशु ने यह कदम उठा लिया। गोली की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे, जहां वे मृत पाए गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस वीडियो और परिजनों के बयानों के आधार पर जांच कर रही है।





