बिहार में नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पटना के गांधी मैदान में हुए समारोह में PM नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे।
सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। कुल 26 मंत्रियों को शामिल किया गया, जिनमें 14 बीजेपी, 8 जदयू, लोजपा(R) के 2, और हम व कुशवाहा की पार्टी से 1-1 मंत्री बने। जदयू ने जमा खान को फिर से कैबिनेट में जगह दी है, जो इस मंत्रिमंडल का एकमात्र मुस्लिम चेहरा हैं।
कैबिनेट में नए चेहरों को भी मौका मिला है। रामकृपाल यादव और श्रेयसी सिंह को मंत्री बनाया गया है। चिराग पासवान की पार्टी के दो विधायकों को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया, जिनमें महुआ से तेजप्रताप यादव को हराने वाले संजय सिंह भी शामिल हैं।
शपथ के बाद PM मोदी ने गमछा लहराकर जनता का अभिवादन किया। मंच पर चिराग पासवान ने जीतन राम मांझी और जेपी नड्डा के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया।





