मोहाली में कबड्डी खिलाड़ी व प्रमोटर राणा बलाचौरिया की हत्या के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। हत्या को अंजाम देने वाले दो शूटरों की पहचान आदित्य कपूर और करण पाठक के रूप में हुई है, जिनकी तस्वीरें सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, यह वारदात पूरी प्लानिंग के साथ की गई, जिसमें टूर्नामेंट के दौरान राणा की पल-पल की रेकी करने वाले लोग भी शामिल थे।
जांच में सामने आया है कि पुलिस सिक्योरिटी के बावजूद हत्या को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस को दो शूटरों के नाम मिले हैं, जबकि तीसरे साथी और लॉजिस्टिक सपोर्ट देने वालों की तलाश जारी है।
पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि राणा बलाचौरिया के कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया से कथित लिंक होने के शक के चलते वह बंबीहा गैंग के निशाने पर आया। राणा के करीबियों के अनुसार, उसे कबड्डी को लेकर धमकियां मिल रही थीं और उसकी मजबूत टीम को टूर्नामेंट में खेलने से रोकने का दबाव बनाया जा रहा था। धमकियां सीधे राणा को नहीं, बल्कि उसकी टीम और करीबियों के जरिए पहुंचाई जा रही थीं। जांच जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना है।





