लुधियाना में ब्लॉक समिति चुनाव की जीत का जश्न उस समय हिंसक हो गया, जब आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के वर्करों के बीच झड़प हो गई। सदर थाना पुलिस ने फायरिंग के मामले में 18 कांग्रेस वर्करों पर FIR दर्ज की है, जिनमें 6 नामजद और 12 अज्ञात शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई है। नामजद आरोपियों में पूर्व सरपंच जसवीर, अजयवीर, उदयवीर, सरपंच निंदा, तजिंदर सिंह उर्फ लाडी, पंच पूजा और हरपाल सिंह उर्फ बब्बू शामिल हैं। देर रात तक पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करती रही।
1.57 मिनट के वीडियो में दोनों दलों के वर्कर एक-दूसरे को ललकारते दिख रहे हैं। AAP के वर्करों में निहंग सिंह के बाणे में तलवार लिए एक व्यक्ति भी नजर आया। पहले गाली-गलौज और पथराव हुआ, जिसके बाद फायरिंग की गई।
घटना से नाराज AAP वर्करों ने लुधियाना–मलेरकोटला रोड पर मराडो पुलिस चौकी के पास सड़क जाम कर दिया। AAP नेता सुखमीत सिंह खन्ना ने झड़प के लिए कांग्रेस पर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





