Pb8 live news : पंजाब की जेलें हाईटेक बनेंगी। जेलों में सुरक्षा के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का इस्तेमाल होगा। पंजाब के जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने सूबे की जेलों को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित अत्याधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि कैदियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रदेश में नए जेल व बैरकें बनेंगी। विभाग के लिए जरूरी फंड का प्रबंधन करने के लिए मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। मंत्री भुल्लर ने वीरवार को जेल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।बैठक में उन्होंने कहा कि जेलों को पूरी तरह अपराध मुक्त करने और मोबाइल जैसे उपकरणों की रोकथाम के लिए नवीनतम तकनीक की आवश्यकता है, इसलिए उन्नत निगरानी उपकरण लगाने का काम पूरा किया जाना चाहिए। भुल्लर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जेलों को पूरी तरह अपराध मुक्त करने के लिए तत्परता से काम करें। साथ ही जेलों में विभिन्न उत्पाद तैयार किए जाएं, ताकि इनको आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सके। इसी प्रकार कैदियों और हवालातियों को बुनियादी सुविधाएं देने के साथ-साथ उनके लिए बनाई गईं भलाई योजनाओं को पूरी तरह लागू किया जाए।





