pb8 live news : पंजाब पुलिस तंत्र में भारी फेरबदल के बाद अब प्रशासनिक तंत्र में फेरबदल की तैयारियां सरकारी हलकों में शुरू कर दी गई हैं। पंजाब पुलिस में गत दिन 21 सीनियर पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। यद्यपि अभी पुलिस में और तबादले किए जाने हैं तथा एस.पी. व डी.एस.पी. रैंक के अधिकारी भी तबदील किए जाने हैं परन्तु यह कार्य जनप्रतिनिधियों की सलाह पर किया जाएगा.
उच्च स्तर पर तबादले मुख्य रूप से डी.जी.पी. गौरव यादव द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत मान से सलाह-मशविरा करने के बाद किए जाते हैं। इसी तरह से प्रशासनिक विभागों के प्रमुखों तथा डिप्टी कमिश्ररों के तबादले राज्य के मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा द्वारा मुख्यमंत्री के साथ चर्चा करने के बाद किए जाएंगे।
इन तबादलों का उद्देश्य सरकार की छवि को नया रूप देना है क्योंकि मौजूदा साल सरकार के लिए काफी महत्वपूर्ण है। अगले वर्ष तो चुनावी साल शुरू हो जाएगा इसलिए उस समय तबादलों की अधिक अहमियत नहीं रह जाती है इसीलिए सरकार में यह चर्चा चल रही है कि मौजूदा वर्ष के दौरान अधिक से अधिक तबादले करके अच्छे अधिकारियों की तैनातियां की जाएं तो जनता के कामों को पहल के आधार पर कर सकें। दिल्ली विधानसभा चुनावों में पराजय मिलने के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार अब केवल पंजाब में बची है इसलिए अगले 2 वर्ष सरकार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।





