Pb8Live News: पंजाब के मानसा जिले के गांव चैनेवाला में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। भारी बारिश के कारण एक कच्चे मकान की छत अचानक गिर गई, जिसमें 35 वर्षीय बलजीत सिंह और उनके 10 वर्षीय भतीजे गुरजोत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक 3 वर्षीय बच्ची बाल-बाल बच गई।
परिवार के अनुसार, मृतक चाचा-भतीजा रात को टीवी देखने के बाद कमरे में सो रहे थे। बच्ची भी उसी कमरे में मौजूद थी। अचानक छत गिरने से दोनों मलबे में दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची सुरक्षित रही।
घटना की जानकारी मिलते ही सरदूलगढ़ के विधायक गुरप्रीत सिंह बनवाला मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया और लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में जिनके घर जर्जर हालत में हैं, वे गुरुद्वारा या धर्मशाला में शरण लें।
तहसीलदार सरदूलगढ़ ने बताया कि घटना की रिपोर्ट तैयार कर ली गई है और इसे जल्द ही सरकार को भेजा जाएगा। पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी।





