मोहाली के सोहाना इलाके में सोमवार को चल रहे कबड्डी मैच के दौरान अचानक फायरिंग हो गई। सेक्टर-82 स्थित मैदान में बोलेरो सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
इस फायरिंग में कबड्डी टूर्नामेंट को प्रमोट कर रहे राणा नामक युवक को सिर और चेहरे में गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब 6 राउंड फायरिंग हुई।
चश्मदीदों ने बताया कि जब टीमें मैदान से बाहर आ रही थीं, उसी दौरान हमला किया गया और कुछ गोलियां दर्शकों के ऊपर से भी गुजरीं। मैच का लाइव प्रसारण चल रहा था, इसलिए फायरिंग की आवाजें कैमरों में भी रिकॉर्ड हो गईं।
बताया जा रहा है कि इस मैच में पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख के आने की भी संभावना थी, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही यह वारदात हो गई। पुलिस को इस हमले में बंबीहा गैंग की भूमिका पर शक है। फिलहाल पुलिस मौके की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।





