मशहूर पंजाबी सिंगर खान साब के पिता इकबाल मुहम्मद (70) को इस्लामिक रीति-रिवाजों के साथ उनके पैतृक गांव भंडाल दोना में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। खान साब ने पहले पिता की तस्वीर पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी, फिर परिवार के साथ अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
बताया गया कि इकबाल मुहम्मद को कल बाथरूम में हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उनका निधन हो गया। करीब 18 दिन पहले ही उनकी पत्नी परवीन बेगम का बीमारी के चलते निधन हुआ था, जिसके बाद वे सदमे में थे और गुमसुम रहने लगे थे।
खान साब के करीबी सरबर गुलाम सब्बा ने बताया कि इकबाल पहले सऊदी अरब में नौकरी करते थे और बेटे की कामयाबी के बाद भारत लौटे थे। खान साब ने पिता से कहा था, “आपने विदेश में रहकर हमारी परवरिश की, अब भारत में रहकर नमाज अदा करें।” 18 दिनों में मां और पिता, दोनों को खो देने वाले खान साब के लिए यह वक्त बेहद दुखद है।





