जालंधर कैंट थाने में राजीनामे के लिए पहुंचे दो छात्र गुटों के बीच विवाद हिंसक हो गया। इस दौरान एक युवक ने ब्लेड से 10वीं कक्षा के छात्र मुकुल सेठी की गर्दन पर हमला कर दिया। हमले में मुकुल की गर्दन पर कई गहरे कट लगे, डॉक्टरों ने उसकी गर्दन पर 16 टांके लगाए हैं और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मुकुल के पिता के अनुसार, उसका विवाद SD मॉडल स्कूल के एक छात्र से हुआ था। इसी मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में समझौते के लिए बुलाया था। चश्मदीदों का कहना है कि आईओ एएसआई मुख्तयार मौके पर मौजूद नहीं थे, तभी थाने के अंदर ही बहस बढ़ गई और दूसरे पक्ष के लड़के के बड़े भाई ने अचानक हमला कर दिया। आरोपी को भागते समय काबू कर पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
घटना के समय थाने में दोनों पक्षों के करीब 10 लोग मौजूद थे। परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालत बिगड़ने पर घायल छात्र को सिविल अस्पताल से प्राइवेट अस्पताल रेफर कर दिया गया।





