तरनतारन जिले के गांव घरका में पुलिस और वांछित आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि सरपंच मर्डर केस में वांछित दो आरोपी घरका से सुल्तानपुर जाने वाली सड़क के पास एक बंबी रूम में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी।
पुलिस ने जब आरोपियों को बाहर आने के लिए कहा तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दोनों आरोपी घायल हो गए।
घायलों की पहचान गुरदेव सिंह बाबा निवासी श्री खडूर साहिब और मनप्रीत सिंह मन्ना निवासी वरपाल के रूप में हुई है। दोनों को सिविल अस्पताल तरनतारन में भर्ती कराया गया है। एसएसपी सुरेंद्र लंबा ने बताया कि दोनों आरोपी सरपंच मर्डर केस में वांछित थे और हालत में सुधार होने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी।





