पंजाब पुलिस ने कपूरथला जग्गा फुकीवाल फिरौती गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस बात की जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बुधवार को दी।
गिरफ्तार आरोपियों में सुल्तानपुर लोधी का अमनदीप उर्फ अमन, नकोदर का हरजीत सिंह उर्फ जीता और जमशेर का लवप्रीत उर्फ बाबा शामिल हैं।
डीजीपी के अनुसार, अमनदीप गिरोह का सक्रिय सदस्य है और स्थानीय गैंगों को गोलीबारी व वसूली के लिए हथियार सप्लाई करता था। पूरे नेटवर्क और बाहरी कनेक्शन की जांच जारी है।
कपूरथला एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि पुख्ता सूचना पर अमनदीप को तलवंडी महिमा लिंक रोड से पकड़ा गया, जिसके पास से 4 पिस्तौल मिलीं। पूछताछ में उसने बताया कि दो पिस्तौल उसने अपने साथियों को दी थीं। पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से .32 बोर और .315 बोर के देसी पिस्तौल बरामद किए।
एसएसपी के मुताबिक आरोपी विदेशी हैंडलर के निर्देश पर मध्य प्रदेश से हथियार मंगवा रहे थे।





