जालंधर के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में छत तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अचानक छत ढहने से चाचा-भतीजा मलबे के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान दिनेश साहनी (38) और राजा साहनी (33) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर के निवासी थे।
राजा साहनी की पत्नी प्रमिला देवी ने बताया कि उनके पति अपने चाचा ससुर के साथ ट्रांसपोर्ट नगर में ठेकेदार के लिए छत तोड़ने का काम करने गए थे। यह काम जेसीबी मशीन से किया जाना था, लेकिन इसे हाथों से करवाया जा रहा था। परिवार ने ठेकेदार और मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।





