जालंधर देहात के नकोदर इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे की टांग फ्रैक्चर हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित कुमार उर्फ अंकित और हरिंदर गुप्ता उर्फ हरिंदर निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नकोदर के प्रमुख व्यवसायी मनीष बख्शी उर्फ मन्नू को 11 नवंबर 2025 को विदेशी नंबरों से धमकी भरे कॉल आए थे। कॉल करने वालों ने खुद को गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा बताते हुए 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। फिरौती न देने पर 16–17 जनवरी की रात को उनके दफ्तर के बाहर फायरिंग की गई थी।
एसएसपी जालंधर ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क के निर्देशों पर गठित विशेष टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी दोबारा वारदात को अंजाम देने के लिए इलाके में घूम रहे हैं। नूरमहल रोड पर गांव बीर फाटक के पास पुलिस ने बाइक सवार संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, जिस पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में यह मुठभेड़ हुई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .30 बोर पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी फिरौती न मिलने के कारण दोबारा हमला करने आए थे। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।





