PB8LIVE NEWS पंजाब के बटाला में SDM विक्रमजीत सिंह के सरकारी आवास पर विजिलेंस टीम ने देर रात अचानक कार्रवाई की। लगभग रात 9 बजे शुरू हुई इस रेड को पूरी तरह गोपनीय रखा गया। टीम के पहुंचते ही आवास को चारों ओर से घेर लिया गया और तलाशी प्रक्रिया शुरू की गई।
सूत्रों के अनुसार, विजिलेंस अधिकारियों ने करीब तीन घंटे तक घर की गहन तलाशी ली और SDM से विस्तृत पूछताछ की। रात लगभग 12:30 बजे टीम ने SDM को अपने साथ लिया और आवास को सील कर दिया।
कार्रवाई किस मामले को लेकर की गई है, इस बारे में अभी तक अधिकारियों ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। वहीं, चर्चा है कि छापे के दौरान टीम को लाखों रुपये की नकदी मिली, लेकिन इस पर भी विजिलेंस ने कोई पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों ने SDM को हिरासत में लिए जाने से जुड़े सवालों पर चुप्पी साध रखी है।
यह छापा बटाला पुलिस की मौजूदगी में बेहद शांत तरीके से अंजाम दिया गया, जिससे किसी को भी पहले से कोई जानकारी नहीं लग सकी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।





