जालंधर के गांव राजावली इलाके में स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर गलत ईंधन डालने को लेकर विवाद हिंसा में बदल गया। आरोप है कि कार सवार युवती ने अपने साथियों को बुलाकर पंप कर्मचारी जतिन कपूर के साथ बेरहमी से मारपीट की। पूरी घटना पंप पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।
घायल कर्मचारी जतिन कपूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान युवती उसका मोबाइल और नकदी भी ले गई। जतिन ने बताया कि युवती ने गाड़ी पेट्रोल की बताई थी, लेकिन बाद में वह डीजल निकली।
गलती पता चलते ही कर्मचारी ने माफी मांगकर गलत ईंधन निकालने की बात कही, इसके बावजूद हंगामा हुआ। पीड़ित ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना मकसूदां पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





