
Pb8Live News: पंजाब में लगातार बारिश और बांधों से छोड़े जा रहे पानी के चलते पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला, फिरोजपुर और फाजिल्का जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। अब तक 150 से अधिक गांव प्रभावित हो चुके हैं और कई इलाकों में 5 से 7 फुट तक पानी भर गया है।
फिरोजपुर में 2000 से अधिक लोगों को रेस्क्यू कर राहत कैंपों में पहुंचाया गया। सेना, एनडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन बचाव कार्य में जुटे हैं। अमृतसर के अजनाला में प्रभावित गांवों की संख्या बढ़कर 25 के करीब पहुंच गई है। रावी नदी का जलस्तर बढ़ने पर कई गांव खाली कराए गए हैं।
इधर, हिमाचल और जम्मू में भारी बारिश से पोंग डैम का जलस्तर 1396 फीट तक पहुंच गया है। बीबीएमबी ने आज दोपहर 1.10 लाख क्यूसिक पानी ब्यास में छोड़ने का निर्णय लिया। इसी तरह रणजीत सागर बांध का जलस्तर भी खतरे के निशान पर है। पठानकोट-जम्मू हाईवे पर पानी भरने से यातायात बाधित हो गया है, जबकि माधोपुर हेडवर्क्स के गेट टूटने से स्थिति और बिगड़ गई।





