पंजाब में लगातार हो रही बारिश और हिमाचल के ऊपरी इलाकों में तेज बरसात के चलते सतलुज नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, भारी बारिश के कारण नदी में पानी का बहाव तेज हो गया है, जिससे जालंधर जिले में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
फिल्लौर, शाहकोट और लोहिया क्षेत्रों में बाढ़ का दायरा बढ़ने की आशंका है। प्रशासन ने सतलुज किनारे बसे 10 गांवों को अलर्ट पर रखा है और 64 गांवों में बाढ़ का प्रभाव देखा जा रहा है। सोंगवाला और धुरसी बांध के पास हालात चिंताजनक हैं और बांधों की सुरक्षा के लिए ग्रामीण व प्रशासन मिलकर प्रयास कर रहे हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पंजाब के मैदानी इलाकों में सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और बढ़ सकता है। सितंबर के दूसरे सप्ताह तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और ऊंचे स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।





