Pb8Live News: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पंजाब में अशांति फैलाने की साजिश रच रहे हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गुरु की वडाली छेहर्टा निवासी अमित सिंह को काबू कर उसके पास से 5 ग्लॉक पिस्टल, 4 मैगजीन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथी गुरप्रीत सिंह उर्फ गिन्नी के साथ पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में था और सीमा पार से हथियारों की खेप मंगवाकर गैंगस्टरों को सप्लाई करता था।
पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क का मकसद पंजाब में शांति भंग करना और अपराध बढ़ाना था। विशेष टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों का मानना है कि समय रहते हुई इस कार्रवाई से बड़ी वारदात टल गई।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में पंजाब में सबसे ज्यादा ग्लॉक पिस्टल की बरामदगी हुई है। ऑस्ट्रिया निर्मित यह हल्की और कॉम्पैक्ट पिस्टल दुनियाभर की सेनाओं व सुरक्षा बलों में लोकप्रिय है और गैंगस्टरों के बीच इसकी मांग लगातार बढ़ रही है।





