अमृतसर के बगला बस्ती इलाके से एक गंभीर मामला सामने आया है। फैक्ट्री मजदूर गौतम कुमार ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोसी और दोस्त करन ने उनकी पत्नी रेनू को बहला-फुसलाकर घर से भगा लिया। गौतम के अनुसार, करन का उनके घर आना-जाना था और पारिवारिक संबंध भी थे।
गौतम ने बताया कि 15 दिन पहले रेनू अचानक घर से लापता हो गई। कई बार फोन करने के बावजूद संपर्क नहीं हो सका। उन्होंने हकीम गेट थाने में शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन परिवार का आरोप है कि पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पुलिस का कहना है कि महिला अपनी मर्जी से गई है, जिसे परिवार नकार रहा है।
मामले में नया मोड़ तब आया जब गौतम की साली सोनिया ने बताया कि रेनू अपनी छह साल की बेटी साक्षी को भी साथ ले गई है। सोनिया के अनुसार, रेनू पहले काम पर जाते समय बच्ची को उनके पास छोड़ देती थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। परिवार ने बच्ची की सुरक्षित वापसी की मांग करते हुए पुलिस कमिश्नर से भी गुहार लगाई है।





