जालंधर के वेस्ट हल्के स्थित पारस एस्टेट में 13 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में महिला आयोग सक्रिय हो गया है। आयोग की चेयरपर्सन राज लाली ने पुलिस कमिश्नर को नोटिस जारी कर ईमेल के जरिए विस्तृत जवाब मांगा है।
राज लाली और चाइल्ड कमिश्नर आज पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और दुख सांझा किया। राज लाली ने कहा कि वह घटना के सभी फैक्ट जुटा रही हैं और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सवाल उठाया कि 4 मरले की कोठी में पुलिस को बच्ची का शव क्यों नहीं मिला।
उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने सबूत इकट्ठा कर लिए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी आ चुकी है। परिवार की मांग है कि मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए। आयोग ने भरोसा दिलाया कि वे परिवार का आखिर तक साथ देंगे।
परिवार से बातचीत में सामने आया कि आरोपी हरविंदर सिंह रिंपा का पूर्व रिकॉर्ड भी ठीक नहीं था, जिसकी अब जांच होगी। राज लाली ने कहा कि वह पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर से मिलकर एएसआई मंगतराम के निलंबन और उसके खिलाफ केस दर्ज करने के मुद्दे पर भी बात करेंगी।





