pb8 live news : पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने नायब तहसीलदार वरिंदरपाल सिंह धूत, निवासी गांव धूत कलां, होशियारपुर को आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस बात की जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह गिरफ्तारी जालंधर रेंज द्वारा की गई विजिलेंस जांच के बाद अमल में लाई गई है, जिसमें धूत द्वारा स्वयं और अपने पारिवारिक सदस्यों के नाम पर अपनी वैध आय से अधिक संपत्ति इकट्ठा करने के आरोपों की जांच की गई थी।प्रवक्ता ने आगे बताया कि जांच के दौरान 1 जनवरी 2009 से 31 दिसंबर 2018 की अवधि की समीक्षा की गई। जांच में पता चला कि इस अवधि के दौरान धूत की कुल वैध आय 3,58,97,111.59 रुपये थी, जबकि उसका कुल खर्च और संपत्ति 11,18,34,544.22 रुपये थी, जो उसकी कानूनी आय से 7,59,37,432.63 रुपये (211.54 प्रतिशत) अधिक है। प्रवक्ता ने बताया कि इस भारी असमानता से स्पष्ट होता है कि धूत ने एक लोक सेवक के रूप में सेवा करते हुए बेहिसाब चल-अचल संपत्तियां अर्जित कीं और अपनी वैध कमाई से कहीं अधिक फंड खर्च किए, जो भ्रष्टाचार निरोधक कानूनों का स्पष्ट उल्लंघन है।





