पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना, पायल और दोराहा क्षेत्र में चर्चित सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर, सोशल वर्कर और जूता कारोबारी हनी सेठी को पुलिस ने नशा करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। डोप टेस्ट में नशीले पदार्थों के सेवन की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई दोराहा थाना क्षेत्र में की गई। एसएचओ आकाश दत्त ने बताया कि शिकायतों के आधार पर जांच की गई और मेडिकल रिपोर्ट में नशे की पुष्टि होने के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तारी की गई।
हनी सेठी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहा है और कई बार विवादों में भी रहा है। उसकी गिरफ्तारी के बाद इलाके में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





