pb8 live news : नेशनल हाईवे पर सफर को आसान बनाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने FASTag को लेकर नई सुविधा प्रदान करते हुए ‘FASTag एनुअल पास’ स्कीम शुरू करने का ऐलान किया है। जानकरी के मुताबिक 3,000 रुपये का FASTag 15 अगस्त से लॉन्च किया जाएगा। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि सरकार 15 अगस्त से 3,000 रुपये का FASTag आधारित वार्षिक पास शुरू कर रही है।यह पास एक्टिवेशन की तारीख से एक साल या 200 यात्राओं के लिए, जो भी पहले हो, वैध होगा। इस नए नियम के जरिए FASTag सिस्टम को और आसान और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया जाएगा। इससे न सिर्फ टोल देना आसान होगा बल्कि यात्रा भी आसान होगी। नितिन गडकरी ने कहा कि यह पास खास तौर पर गैर-व्यावसायिक निजी वाहनों (कार, जीप, वैन आदि) के लिए ही बनाया गया है और इससे देशभर में नेशनल हाईवे पर सुगम यात्रा संभव होगी। वार्षिक पास के एक्टिवेशन/नवीनीकरण के लिए जल्द ही हाईवे ट्रैवल ऐप और NHAI/MoRTH वेबसाइट पर अलग से लिंक उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे प्रक्रिया आसान हो जाएगी। यात्रियों को मिलेगा बड़ा बढ़ावायह नीति 60 किलोमीटर के दायरे में टोल प्लाजा पर लंबे समय से चली आ रही चिंताओं को दूर करेगी और सुविधाजनक लेनदेन के माध्यम से टोल भुगतान को सुव्यवस्थित करेगी। नई फास्टैग प्रणाली टोल प्लाजा पर भीड़भाड़ को कम करने और विवादों को खत्म करने के साथ-साथ लाखों निजी वाहन चालकों के लिए तेज, सुगम और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।





