अमृतसर के गुरु की वडाली इलाके में आज नशा तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। हिरासत में लिया गया तस्कर लक्की पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग करने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घायल कर दिया। लक्की को पहले ही उसके डिस्ट्रीब्यूटर निर्मल सिंह समेत गिरफ्तार किया जा चुका था।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि लक्की ने पाकिस्तान से 30-30 किलो हेरोइन मंगवाई थी और उसका नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय तस्करों से जुड़ा हुआ था। लक्की दुबई भी जा चुका है, जहां उसका संपर्क पाकिस्तानी तस्करों से हुआ।
घटना के दौरान लक्की ने भागने की कोशिश में पुलिसकर्मी जयवीर की पिस्टल छीन ली। पुलिस की सतर्कता से उसे काबू कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि लक्की ने अपने मोबाइल तोड़ दिए थे, लेकिन फोरेंसिक जांच से डेटा रिकवर कर लिया गया है।
घटना में लक्की का एक साथी मानिक अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।





