पंजाब में सुबह से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज कुछ क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। 16 अगस्त को राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, विशेषकर हिमाचल से सटे जिलों में।
अमृतसर के रईया क्षेत्र में सबराओं नहर ओवरफ्लो होने से तीन गांव प्रभावित हुए हैं। डीसी अमृतसर साक्षी साहनी के अनुसार, नहर में पीछे से पानी बंद करवा दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।
बठिंडा, मानसा, संगरूर, बरनाला, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और मोहाली में तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं के चलते फ्लैश अलर्ट जारी किया गया है।
पौंग डैम से पानी छोड़े जाने के कारण ब्यास नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। सतलुज नदी का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है, जिससे गुरदासपुर, कपूरथला, होशियारपुर, अमृतसर और फिरोजपुर में बाढ़ जैसे हालात हैं। सुल्तानपुर लोधी और होशियारपुर के कई इलाके पानी में डूब चुके हैं। मौसम विभाग ने 14 और 15 अगस्त के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है।





